आजमगढ़ में विकास की रफ्तार नहीं रुकेगी, फिर बनेगी योगी सरकार : निरहुआ, बोले- सांसद और विधायक न होने के बावजूद जिले में जारी है विकास, नए गीत ‘हमको पसंद है बुलडोजर वाला नियम योगी जी’ से मचाएंगे धूम

Uncategorized

आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ अपने खास अंदाज में नजर आए। जनसभा के दौरान उन्होंने जहां एक बार फिर प्रदेश में भाजपा सरकार की वापसी का दावा किया, वहीं कार्यक्रम के समापन के बाद मीडिया से बातचीत में जिले के विकास, आगामी चुनाव और अपने नए गीत को लेकर भी खुलकर चर्चा की।
निरहुआ ने कहा कि अगली बार भी प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पूरा प्रयास रहेगा कि इस बार आजमगढ़ भी इस जीत में महत्वपूर्ण योगदान दे। उन्होंने कहा कि जब वह लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे तब जिले के लोगों ने उनके लिए पूरे मन से प्रचार किया था, अब उनकी जिम्मेदारी है कि वह जनता और पार्टी के लिए उसी तरह खड़े रहें।
अपने आगामी चुनाव लड़ने की संभावनाओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना या नहीं लड़ना पार्टी का निर्णय होता है, लेकिन वह हर परिस्थिति में संगठन और जनता के साथ जुड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता एक परिवार की तरह हैं और सभी एक-दूसरे के लिए मजबूती से खड़े रहते हैं।
शहर के बीच स्थित पुरानी जिला कारागार की भूमि के मुद्दे पर निरहुआ ने कहा कि वह वर्ष 2022 से लगातार इस विषय को उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अब वहां कन्वेंशन सेंटर बनाए जाने की घोषणा की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनाव से पहले इस परियोजना को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना था कि शहर के बीच स्थित इस भूमि का बेहतर उपयोग होने से लोगों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, छोटे व्यापारियों और स्थानीय वेंडरों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
आजमगढ़ से लालगंज होते हुए वाराणसी तक नई रेलवे लाइन की मांग पर उन्होंने कहा कि यह मुद्दा उन्होंने पहले भी उठाया था, लेकिन सांसद नहीं बनने के कारण वह इस मांग को अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंचा सके। इसके बावजूद वह भविष्य में अवसर मिलने पर इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।
पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आजमगढ़ को दी गई विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले को विश्वविद्यालय, संगीत महाविद्यालय, हरिऔध कला केंद्र समेत अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि यह धारणा पूरी तरह गलत साबित हुई है कि किसी क्षेत्र में भाजपा का सांसद या विधायक न होने पर विकास कार्य रुक जाते हैं। आजमगढ़ इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जहां लगातार विकास योजनाएं संचालित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शनिवार को भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। आने वाले समय में भी मुख्यमंत्री प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की तरह आजमगढ़ की विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर विकास कार्यों को गति देते रहेंगे।
बातचीत के दौरान निरहुआ ने अपने नए गीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही उनका नया गीत “हमको पसंद है बुलडोजर वाला नियम योगी जी” रिलीज होने जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह गीत लोगों के बीच काफी लोकप्रिय होगा और प्रदेश भर में धूम मचाएगा।
पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था है तथा इसी वजह से जनता का भरोसा लगातार पार्टी के प्रति बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आजमगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *