
आजमगढ़ अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद। क्षेत्र के चिश्तिपुर गांव में पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार 10 जून को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान गांव में लगा 16 केवीए का ट्रांसफार्मर खंभे सहित गिर गया था। साथ ही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शिकायत के बावजूद चार दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीण मनोज वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर और बिजली के तार गिरने की सूचना विभागीय अधिकारियों को तत्काल दी गई थी तथा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। भीषण गर्मी के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमिला देवी ने कहा कि लगातार बिजली न रहने से लोग गर्मी से बेहाल हैं और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। वहीं साधना देवी ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन उसके बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं की गई। राधेश्याम कनौजिया ने कहा कि आंधी में खंभा और ट्रांसफार्मर दोनों गिर गए थे, लेकिन शिकायतों के बावजूद अभी तक बिजली नहीं मिली है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन में राम आसरे वर्मा, पथरू कनौजिया, दिलीप कनौजिया, चिथरु, रामसूरत, फिरता देवी, उर्मिला, रेनू, अंतिमा, आशा कनौजिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी दिलीप वर्मा तथा अवर अभियंता (जेई) संदीप यादव का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया।
