बेलइसा-नीबी रेलवे क्रॉसिंग की बदहाल स्थिति पर सौंपा गया ज्ञापन, 20 दिन में सुधार का आश्वासन

Uncategorized

आजमगढ़। बेलइसा-नीबी रेलवे क्रॉसिंग पर बने स्पीड ब्रेकर एवं पटरियों के बीच की इंटरलॉकिंग की खराब स्थिति को लेकर प्रयास सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने पूर्वोत्तर रेलवे के एसएससी वर्क्स को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने रेलवे प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कार्य कराकर आमजन को राहत दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से शाहगंज की ओर जाने वाले प्रथम रेलवे फाटक संख्या 31-C/E-2 पर बना ब्रेकर वर्षों से क्षतिग्रस्त अवस्था में है। इसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। चार पहिया वाहनों के चेंबर अक्सर ब्रेकर से टकरा जाते हैं, जबकि सामान लदे ठेला और अन्य छोटे वाहन चालकों को भी फाटक पार करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रयास सामाजिक संगठन के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि ब्रेकर के निर्माण के समय से ही इसमें तकनीकी खामियां हैं। इसके अलावा रेलवे पटरियों के बीच लगी इंटरलॉकिंग भी सही नहीं है, लेकिन विभाग इस गंभीर समस्या के समाधान के प्रति उदासीन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन देने के बाद संबंधित अधिकारी ने 15 से 20 दिनों के भीतर ब्रेकर और इंटरलॉकिंग को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
इस दौरान शंभू दयाल सोनकर, ओम नारायण श्रीवास्तव, राजीव कुमार शर्मा, रणवीर सिंह, आकाश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *