
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन कर युवाओं में गलत संदेश फैलाने वालों के खिलाफ निजामाबाद पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत कार्रवाई की है। अभियान के दौरान इंस्टाग्राम पर ग्रुप बनाकर झुंड में क्षेत्र में घूमने वाले युवकों को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की गई, जबकि दो युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर समूह में भ्रमण कर रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन सकता है।
जांच में “mr_jai_7177” नामक इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े आशीष चौहान, कृष्णा चौहान और विकास चौहान को चिन्हित किया गया। पुलिस ने युवकों को थाना परिसर में बुलाकर उनके अभिभावकों तथा बाल कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में काउंसलिंग की। इस दौरान उन्हें कानून व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि आशीष चौहान और कृष्णा चौहान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 126, 135 और 170 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं अभियान के दौरान दो मोटरसाइकिलों को भी सीज किया गया।
निजामाबाद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भय का माहौल बनाने, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में साइबर टीम के उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय, कांस्टेबल राकेश यादव और कांस्टेबल संदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
