आजमगढ़ में नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप: महिला की मौत के बाद भड़का गुस्सा, हाईवे जाम; परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित आर नंदिनी निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि नर्सिंग होम में भर्ती महिला को बिना परिजनों को सूचित किए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया।
मृतका की पहचान रामदुलारी के रूप में हुई है। मऊ के घोसी निवासी पति जयहिंद समेत परिजनों का आरोप है कि महिला की तबीयत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने समय रहते सही जानकारी नहीं दी। उनका कहना है कि पहले महिला को हार्निया की शिकायत थी। नर्सिंग होम में डॉ गुलाब चौहान की तरफ से भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर बिना परिवार को सूचना दिए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली और वे पहुंचे, तब तक रास्ते में ही महिला की मौत हो चुकी थी।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने नर्सिंग होम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी मशक्कत के बाद सड़क पर यातायात सामान्य कराया जा सका।
मामले में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *