भांजी की शादी में आए युवक का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के महुजा गांव में मंगलवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शीशम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जौनपुर जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित प्रेमराजपुर गांव निवासी 22 वर्षीय करन गौतम पुत्र जीतू गौतम अपनी भांजी वंदना पुत्री ओमचंद्र गौतम की शादी में शामिल होने के लिए महुजा गांव आया था। सोमवार रात सरायमीर थाना क्षेत्र के रगड़ीह पारा गांव से बारात आई थी और परिवार के सभी सदस्य वैवाहिक कार्यक्रम में व्यस्त थे।
बताया गया कि करन गौतम हल्दी की रस्म से ही अपनी बहन चिंता देवी के घर रहकर शादी की तैयारियों में सहयोग कर रहा था। सोमवार रात द्वारपूजा के बाद वह अचानक कहीं चला गया। मंगलवार सुबह गांव के लोग शौच के लिए निकले तो मार्टिनगंज-ठेकमा मार्ग पर स्थित पुरानी चीनी मिल के सामने शीशम के पेड़ की डाल से गमछे के सहारे उसका शव लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 और बरदह पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई विक्रम गौतम ने बताया कि पूरा परिवार भांजी की शादी में शामिल होने आया था। रात में करन घर से निकला था, लेकिन सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला।
घटना के बाद शादी समारोह का माहौल मातम में बदल गया। विदाई की रस्म पूरी कर बाराती दुल्हन को लेकर रवाना हो गए। वहीं ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जिससे प्रतीत होता है कि किसी ने हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका दिया हो।
करन गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था।
प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *