
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र में लापता हुई दो किशोरियों को पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महज 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों की चिंता दूर हुई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को एक महिला ने थाना जहानागंज में सूचना दी कि उनकी किशोरी पुत्री और उसकी सहेली सुबह करीब 11 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के निर्देशन में मिशन शक्ति 5.0 की विशेष टीम गठित कर तत्काल खोजबीन शुरू की गई।
टीम में महिला उपनिरीक्षक आरती यादव, उपनिरीक्षक बीरबल यादव, महिला आरक्षी ममता यादव, कांस्टेबल अनिल कुमार, मुकेश शाह और संदीप शामिल रहे। पुलिस ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश अभियान चलाया और लगातार प्रयासों के बाद दोनों किशोरियों को उसी दिन शाम करीब 4 बजे जिगरसंडी सरैया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि वे बिना किसी को बताए अपनी एक परिचित के पास चली गई थीं, जबकि परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दे दी थी।
बरामदगी के बाद मिशन शक्ति टीम ने दोनों किशोरियों की काउंसलिंग की और आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई से खुश परिजनों ने जहानागंज पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा सहायता के लिए आजमगढ़ पुलिस हमेशा तत्पर है।
