गहने साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में दो गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र के कंजहित गांव में महिलाओं को गहने साफ और चमकाने का झांसा देकर सोने के आभूषण हड़पने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान बिहार निवासी दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटी गई सोने की चैन, कान के झाले तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 जून को कंजहित गांव निवासी जयनारायण दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी मनोरमा दुबे को दो अज्ञात व्यक्तियों ने गहने साफ करने का झांसा देकर सोने के आभूषण ले लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने असलहा दिखाकर उन्हें डराया और फरार हो गए। इस संबंध में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान 20 और 21 जून की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे गायत्री मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। पीछा करने पर सरूपहां क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाहत कुमार (22 वर्ष) और मुन्ना शाह (45 वर्ष) निवासी ग्राम समेली, थाना कुरसेला, जनपद कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है। घायल चाहत कुमार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कंजहित गांव में महिलाओं को गहने साफ करने का झांसा देकर सोने की चैन और कान के झाले हड़प लिए थे। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर फरार हो गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चैन, दो कान के झाले, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को देवगांव थाना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *