
आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नारी शक्ति संस्थान के बैनर तले ठंडी सड़क स्थित पार्क में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
योग गुरु शुभकरण ने उपस्थित महिलाओं को अनुलोम-विलोम सहित प्राणायाम की विभिन्न विधियों और आठ प्रमुख योग मुद्राओं का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने सभी महिलाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
संस्थान की सचिव डॉ. पूनम तिवारी ने कहा कि महिलाओं को स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए नियमित रूप से योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज का निर्माण कर सकती है। योग महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।
डॉ. पूनम तिवारी ने कहा कि केवल योग दिवस के अवसर पर योग करने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। योग दिवस की वास्तविक सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब लोग इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाकर नियमित रूप से अभ्यास करेंगे। उन्होंने महिलाओं से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अर्चना वत्सल, पूनम यशपाल सिंह, ममता शर्मा, रिंकी प्रशांत, माधुरी पांडेय, सुषमा श्रीवास्तव, किरण यादव, मधु अस्थाना, माधुरी त्रिपाठी, मीना राय सहित संस्थान की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोग एवं स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
