आजमगढ़ में सोशल मीडिया के ‘गैंगेस्टरों’ पर पुलिस का बड़ा प्रहार, रील के चक्कर में फंसे युवा, जिद्दी गैंग से स्टंटबाजों तक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इंस्टाग्राम पर दबंगई दिखाना पड़ा भारी, चार थानों की कार्रवाई में कई युवक रडार पर

Uncategorized

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, हथियारों का प्रदर्शन, स्टंटबाजी और दहशत फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन वज्रपात” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों द्वारा चलाए गए अभियान के तहत कई युवकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग कर उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
इंस्टाग्राम पर ‘जिद्दी गैंग’ चलाने वाले युवकों की काउंसलिंग
थाना फूलपुर पुलिस और साइबर टीम द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान पता चला कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर “जिद्दी गैंग” नाम से समूह बनाकर वीडियो और फोटो पोस्ट कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार इन गतिविधियों से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हो रही थी तथा युवाओं को गैंग संस्कृति की ओर आकर्षित किया जा रहा था।
जांच में विशाल कुमार उर्फ जिद्दी निवासी पुरागडेरिया को गैंग लीडर तथा अभिषेक कुमार निवासी जौमा और अंकित यादव निवासी कस्बा फूलपुर को गैंग के सदस्य के रूप में चिन्हित किया गया। पुलिस ने तीनों युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की और सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग की सलाह दी।
प्लास्टिक के तमंचे से रील बनाना पड़ा भारी
थाना कंधरापुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लिया, जिसमें आखापुर निवासी 22 वर्षीय दुर्गेश मौर्य प्लास्टिक के तमंचे के साथ रील बनाकर स्वयं को प्रभावशाली और दबंग दिखाने का प्रयास कर रहा था।
जांच के बाद पुलिस ने युवक को चिन्हित कर शांति व्यवस्था के मद्देनजर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। बाद में युवक को अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग के परिणामों से अवगत कराया गया।
स्टंटबाजी कर रील वायरल करने वाला युवक पुलिस की पकड़ में
थाना रानी की सराय पुलिस ने सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी से जुड़े वीडियो वायरल करने वाले युवक गोविंद पुत्र नोखुलाल निवासी कोयलारी खुर्द को चिन्हित कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार युवक द्वारा प्रसारित वीडियो युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने वाले थे और यातायात नियमों की खुली अनदेखी दर्शा रहे थे। पुलिस ने युवक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तथा उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
दबंगई दिखाने वाले युवक का वाहन सीज
उधर थाना सिधारी पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी “mahendra.yadav9798” से वायरल हो रहे फोटो और वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन संख्या UP 50 CZ 2694 का उपयोग कर सोशल मीडिया पर दबंग छवि प्रस्तुत करने और आमजन में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपराधी छवि प्रस्तुत करने और दहशत फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभिभावकों से भी की अपील
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें कानून का पालन करने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा सकारात्मक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, हथियारों के प्रदर्शन, स्टंटबाजी अथवा दहशत फैलाने वाले कंटेंट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *