
आजमगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र में घर से आभूषण और नगदी चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक अंगूठी और दो कान के टप्स भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार कोडर आजमतपुर निवासी आदर्श चौहान के घर से 18 जून को उनकी पत्नी के आभूषण एवं कुछ नकदी चोरी हो गई थी। घटना की जानकारी होने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की, जिसमें घर में कार्यरत नौकर अतुल प्रजापति पर संदेह हुआ। 19 जून को उससे पूछताछ का प्रयास किया गया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान 21 जून को पुलिस ने वांछित आरोपी अतुल प्रजापति (20) निवासी कोडर आजमतपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक पीली धातु की अंगूठी तथा दो कान के टप्स बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
इस संबंध में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 329/2026, धारा 305 एवं 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बदरका म0उ0नि0 शशि सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार गुप्ता तथा कांस्टेबल विशाल गुप्ता शामिल रहे।
