
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र में घर से नाराज होकर निकले 10 वर्षीय बालक को मिशन शक्ति 5.0 टीम ने महज चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार सेमरहा गांव निवासी राम सिंह यादव ने रविवार को थाना रानी की सराय में सूचना दी कि उनका 10 वर्षीय पुत्र आरुष सिंह यादव सुबह करीब आठ बजे घर से बिना बताए नाराज होकर कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति 5.0 टीम को बालक की तलाश में लगा दिया।
पुलिस टीम ने परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब 11:30 बजे सोनवारा मोड़, रानी की सराय बाजार के पास से बालक आरुष सिंह यादव को सकुशल बरामद कर लिया गया।
गुमशुदगी की सूचना मिलने के लगभग चार घंटे के भीतर ही बालक को सुरक्षित खोजकर आवश्यक सत्यापन के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की।
इस अभियान में उपनिरीक्षक विनोद यादव, मुख्य आरक्षी सुभाष यादव तथा महिला आरक्षी मनीषा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
