मेधावी छात्रा खुशी सिंह बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, आईएएस बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हैं खुशी सिंह, अधिकारियों ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दिए टिप्स

Uncategorized

आजमगढ़, 15 अक्टूबर। मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा खुशी सिंह को एक दिन की सांकेतिक जिलाधिकारी बनने का अवसर मिला। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर खुशी सिंह ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा और जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने छात्रा का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल और आत्मविश्वास विकसित करना है।

जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की शिकायतें

सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में खुशी सिंह ने जनता दर्शन में आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। खरिहानी बाजार में कथित अवैध क्लिनिक संचालित होने की शिकायत पर उन्होंने प्रार्थना पत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजते हुए जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र में न्यायालय का स्थगन आदेश होने के बावजूद बैनामा किए जाने की शिकायत को मुख्य राजस्व अधिकारी के पास भेजकर नियमानुसार परीक्षण और निस्तारण के निर्देश दिए।

इसके अलावा महिला सहित अन्य फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई करने और शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी देने को कहा।

आईएएस बनकर देश सेवा करना है लक्ष्य

एक दिन की जिलाधिकारी बनने का अवसर मिलने पर खुशी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए निर्देश देने का अनुभव उनके लिए प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों और जनसेवा की भूमिका को करीब से समझने का मौका मिला।

खुशी सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल होकर समाज और देश की सेवा करना है। इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वह अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अधिक मेहनत और लगन से पढ़ाई करेंगी।

अधिकारियों ने बताए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के तरीके

प्रभारी जिलाधिकारी संजीव ओझा ने खुशी सिंह की नेतृत्व क्षमता और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने से बालिकाएं अपनी प्रतिभा के बल पर सफलता हासिल कर सकती हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार और जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने छात्रा को सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, समय प्रबंधन और सामान्य अध्ययन की तैयारी के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने नियमित अध्ययन, समसामयिक घटनाओं पर ध्यान देने और अनुशासन के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस पहल से खुशी सिंह को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला। साथ ही, आईएएस बनकर देश और समाज की सेवा करने के उनके संकल्प को भी नई प्रेरणा मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *