गांव के बीच खुले शराब ठेके का ग्रामीणों ने किया विरोध, डीएम से बंद कराने की मांग

Uncategorized

आजमगढ़। जिले के लालगंज तहसील क्षेत्र के अगेहता गांव में आबादी के बीच खोले गए नए शराब ठेके का ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ठेके को तत्काल बंद कराने अथवा अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब का ठेका गांव की आबादी के बीच स्थित है तथा इसके आसपास विद्यालय, मंदिर और आवासीय क्षेत्र मौजूद हैं। ऐसे में यहां शराबियों की आवाजाही बढ़ने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि ठेके के संचालन से गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित होगा और अभद्रता की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
जिलाधिकारी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में श्यामक मौर्य, नंदनी, मीरा, पूनम, सुशीला, सोनी, ललिता समेत अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ठेका आबादी के बीच संचालित किया जाना नियमों के विपरीत है तथा इससे बच्चों की सुरक्षा और महिलाओं की आवाजाही पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी उपजिलाधिकारी लालगंज को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर जल्द संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *