आजमगढ़ में बिजली संकट पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता से की मुलाकात, एक सप्ताह में सुधार का आश्वासन

Uncategorized

आजमगढ़। शहर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही विद्युत आपूर्ति की समस्याओं को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता इंजीनियर रामबाबू, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता प्रथम, सहायक अभियंता तथा नगर के अवर अभियंताओं को बिजली आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
भाजपा नेताओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बार-बार हो रही बिजली कटौती, जर्जर तारों, क्षतिग्रस्त केबलों, ट्रांसफार्मरों की खराब स्थिति तथा अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस पर मुख्य अभियंता ने आश्वासन दिया कि विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाएगा तथा जर्जर तारों और केबलों का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री पवन सिंह मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष अवनीश मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर, मंडल अध्यक्ष शशिकांत विश्वकर्मा, बाबूराम चौहान, नगर महामंत्री नीरज सिंह, सभासद अवनीश चतुर्वेदी, सभासद पुरुषोत्तम सिंह, अभिषेक गुप्ता, मुंशी निषाद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अभियंता इंजीनियर रामबाबू ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार उपभोक्ताओं से फीडबैक लेकर समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है। सोमवार को मिले प्रतिनिधिमंडल ने भी विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ क्षेत्रों में केबलों की खराब स्थिति, बिजली के खंभों से जुड़ी समस्याएं तथा ट्रांसफार्मरों में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी कर दिए गए हैं। संबंधित विभागों से रिपोर्ट भी तलब की गई है।
मुख्य अभियंता ने कहा कि अधिकांश समस्याएं छोटी तकनीकी कमियों से जुड़ी हैं, जिन्हें शीघ्र दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले एक सप्ताह के भीतर उपभोक्ताओं को पहले से बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने लगेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का फीडबैक विभाग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उसी के आधार पर समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *