






आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर दो वर्षों तक शादी का भरोसा दिलाकर संबंध बनाने और जेवरात अपने पास रखने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को थाना सरायमीर में प्राप्त तहरीर में आरोप लगाया गया कि सौरभ अस्थाना उर्फ आयूष अस्थाना पुत्र राजन अस्थाना निवासी ग्राम फत्तनपुर ने पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और पीड़िता के कुछ जेवरात भी अपने पास रख लिए।
तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 66/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक विद्याकांत सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी को उसी दिन ग्राम फत्तनपुर स्थित उसके घर से दोपहर करीब 1:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विद्याकांत सिंह, कांस्टेबल सौरभ पांडेय और महिला कांस्टेबल ममता सिंह शामिल रहीं।
