गोवध व मांस तस्करी गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त घायल, हुआ गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में गोवध व मांस तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पहले 65 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, वहीं बाद में मुठभेड़ के दौरान वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और वाहन भी बरामद किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष गम्भीरपुर के नेतृत्व में की गई।
पहली कार्रवाई में 65 किग्रा गोमांस बरामद
28 मार्च 2026 को पुलिस टीम खुर्रमपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम कमरावा निवासी रईश अहमद के घर दबिश दी गई। मौके से सरफराज अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके कब्जे से 3 बोरियों में कुल 65 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। हालांकि उसके साथी रईश अहमद व शादाब अहमद मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना गम्भीरपुर में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त घायल
फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी पुलिस को 29 मार्च की रात सूचना मिली कि शादाब अहमद बुलेट मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में है। धरनीपुर-विषया मोड़ के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा और गिर पड़ा। घिरने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शादाब अहमद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदपुर में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में गिरोह का खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने भाई सरफराज और साथी रईश अहमद के साथ मिलकर संगठित रूप से गोवंश का वध कर मांस की बिक्री करता था। इस अवैध कार्य में स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया जाता था।
बरामदगी
65 किग्रा प्रतिबंधित गोमांस (पूर्व कार्रवाई)
एक देशी तमंचा (.303 बोर)
एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस
बुलेट मोटरसाइकिल
मुकदमे व गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में सरफराज अहमद और शादाब अहमद शामिल हैं, जबकि रईश अहमद फरार है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाया। पुलिस द्वारा फरार अभियुक्त की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *