
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया। मायके आई एक नवविवाहिता के कमरे में उसकी शादी कराने वाले अगुवा के मिलने की सूचना पर उसके पति ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। शोर-शराबा होने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों को थाने ले जाकर पूरे मामले की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती का विवाह 11 जून को जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद वह 1 जुलाई को अपने मायके आई थी। बताया जा रहा है कि जौनपुर निवासी देवी प्रसाद राम, जो झाड़-फूंक करने के साथ सब्जी बेचने का काम भी करता है, दोनों परिवारों का पुराना परिचित है। उसी ने दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय कराने में अहम भूमिका निभाई थी।
परिजनों के मुताबिक विवाह संपन्न होने के कुछ समय बाद ही देवी प्रसाद अपनी सब्जी की दुकान बंद कर गायब हो गया था। इसी दौरान नवविवाहिता के पति को सूचना मिली कि वह पिछले तीन दिनों से उसकी पत्नी के मायके में ही ठहरा हुआ है। सूचना की पुष्टि करने के लिए पति चुपचाप अपनी ससुराल पहुंचा और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। जब उसे यकीन हो गया कि देवी प्रसाद घर के अंदर मौजूद है, तब उसने उसे पकड़ने की योजना बनाई।
देर रात जब भीषण गर्मी के कारण युवती के माता-पिता घर के बाहर सो रहे थे, उसी दौरान पति ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलाया गया, जहां देर रात तक बातचीत और पंचायत का दौर चलता रहा। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। बरदह थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
