
आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सोनवरा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खाने से एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोनवरा गांव निवासी 22 वर्षीय सलमान पुत्र मोहम्मद जाहिद विदेश में काम करता था। वह करीब छह माह पहले घर आया था। बुधवार सुबह किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। इसके बाद उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।
कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सलमान तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर रानी की सराय थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
