
आजमगढ़। सांसद धर्मेंद्र यादव शुक्रवार को मेहनगर तहसील बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी सांसद निधि से स्वीकृत पुस्तकालय भवन एवं सीढ़ी निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एडवोकेट अनिल वर्मा समेत बार एसोसिएशन के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का पेशा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के पीड़ितों और वंचितों को न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश का अधिवक्ता समाज पीड़ित, दुखी और अपमानित जनता को न्याय दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने अधिवक्ता साथियों के हितों और उनकी सहायता के लिए अधिवक्ता कल्याण निधि की स्थापना की थी। प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर एक बार फिर अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि आज सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से जनता से वसूली कराई जा रही है। छात्र पेपर लीक की समस्या से परेशान हैं और नौकरी मांगने वाले नौजवानों को लाठियां मिल रही हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में अधिवक्ता साथियों से समाजवादी पार्टी के पक्ष में सहयोग और समर्थन मांगा। साथ ही भरोसा दिलाया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर आजमगढ़ के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
समारोह को शिक्षक विधायक लाल बिहारी यादव, पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव तथा मेहनगर विधायक पूजा सरोज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मेहनगर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
