
आजमगढ़। नगर के डीएवी महाविद्यालय के स्मार्ट सेमिनार हॉल में प्राचार्य प्रो. प्रेमचंद्र यादव के निर्देशन में स्वगणना, युवा मतदाता जोड़ो अभियान और एनईपी कनेक्ट ऐप को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन की टीम का नेतृत्व कर रहे मास्टर ट्रेनर इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने 99 यूपी बटालियन एनसीसी से संबद्ध महाविद्यालय के कैडेटों, रोवर्स-रेंजर्स, एनएसएस के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान भी किया।
इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं और कैडेटों को प्रशिक्षित करने का उद्देश्य उन्हें स्वयं और अपने परिवार की स्वगणना के लिए प्रेरित करने के साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि जो लोग प्रथम चरण में स्वगणना कर चुके हैं, उन्हें भी दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक दोबारा प्रतिभाग करना होगा। इस दौरान 40 प्रश्नों के जवाब दर्ज करने होंगे, ताकि दिसंबर में घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को अपनी एसईआईडी साझा की जा सके।
उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) प्रक्रिया के तहत युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर भी दिया गया है। इसके लिए 16 दिसंबर तक ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) प्रक्रिया के तहत युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर भी दिया गया है। इसके लिए 16 दिसंबर तक ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में दुर्गाजी पीजी कॉलेज चंडेश्वर के प्राध्यापक डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की ओर से विकसित एनईपी कनेक्ट ऐप की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि यह ऐप शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एक साझा मंच है, जिसके माध्यम से पाठ्यक्रम और अध्ययन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है। यह ऐप शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायक है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पंकज सिंह ने किया। प्रो. शिल्पा त्रिपाठी ने अतिथियों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी, एनसीसी, एनएसएस तथा रोवर्स-रेंजर्स के कैडेट उपस्थित रहे।
