
आजमगढ़। थाना निजामाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में ₹46,011.89 की धनराशि वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। ठगों ने फेसबुक पर रिश्तेदार के नाम से फर्जी आईडी बनाकर विश्वास में लेते हुए पीड़ित से ₹70,000 की ठगी कर ली थी।
पुलिस के अनुसार, कस्बा निजामाबाद निवासी मोहम्मद जफर खान ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से फोन-पे के माध्यम से ₹70,000 की ठगी की गई। साइबर अपराधियों ने उनके मामा के बेटे के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर पैसे मंगवाए थे।
पीड़ित द्वारा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद थाना निजामाबाद की साइबर टीम ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹46,011.89 की धनराशि होल्ड करा दी। आवश्यक विधिक प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश के अनुपालन के बाद बुधवार को पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर मोहम्मद जफर खान ने आजमगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया और साइबर टीम की सराहना की।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय, कांस्टेबल राकेश यादव, कांस्टेबल संदेश सिंह तथा महिला आरक्षी रेनू देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
