
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवता के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में रौनापार थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में रौनापार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र पासवान पुत्र मंगरू, निवासी ग्राम ओढ़रा सलेमपुर, थाना रौनापार को हिरासत में लिया। मामले में रितिसागर भारती, मठाधीश, निवासी रजादुर, थाना जीयनपुर द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में हिंदू देवी-देवता के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सामाजिक सौहार्द व शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।
तहरीर के आधार पर थाना रौनापार में मु0अ0सं0 187/2026 के तहत धारा 299 एवं 302 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक आस्था के विरुद्ध आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने से बचें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
