पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव की 10वीं पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, उनके योगदानों को किया याद

Uncategorized

आजमगढ़। सठियांव क्षेत्र के खुझिया बाजार में रविवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व लोकसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय राम नरेश यादव की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदानों को याद किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव राम अवध यादव ने कहा कि स्वर्गीय राम नरेश यादव सादगी, ईमानदारी और गांधीवादी मूल्यों के प्रतीक थे। उनका जन्म एक जुलाई 1928 को आजमगढ़ जनपद के आंधीपुर गांव में हुआ था। 22 नवंबर 2016 को लखनऊ में उनका निधन हुआ। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी प्रदेश की राजनीति और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि 23 जून 1977 से 28 फरवरी 1979 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में राम नरेश यादव ने सामाजिक न्याय और गरीबों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। उनके कार्यकाल में सरकारी नौकरियों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 15 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इसके साथ ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब और असहाय परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए अंत्योदय योजना की शुरुआत की गई। किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि सुधार, ग्रामीण विकास और शिक्षा के प्रसार को भी प्राथमिकता दी गई। विशेष रूप से पूर्वांचल में शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे।
राम अवध यादव ने कहा कि राम नरेश यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उनकी स्वच्छ छवि और सादा जीवन-उच्च विचार की परंपरा हमेशा याद की जाएगी। पुण्यतिथि पर उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों और जनकल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
विचार गोष्ठी की अध्यक्षता पूर्व प्रधान ज्ञानचंद राम और अंगद यादव ने की। इस अवसर पर देवेंद्र यादव, मगधीश यादव, मगरू यादव, पवन गुप्ता, ओम प्रकाश प्रजापति, ओमकार प्रजापति, सतीश यादव, अशोक यादव, रामवृक्ष यादव, अजीत प्रसाद, श्याम सुंदर यादव, अशोक सिंह और प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *