
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर न्यायालयों द्वारा जारी गैर-जमानती वारंटों (एनबीडब्ल्यू) के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए आजमगढ़ पुलिस ने रविवार रात सर्किल नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 13 गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान से पहले सीओ नगर ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों की ब्रीफिंग कर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर सघन दबिश देकर कार्रवाई की।
अभियान में थाना कोतवाली से 4, सिधारी से 1, रानी की सराय से 7 तथा कंधरापुर से 1 गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार वारंटियों को न्यायालय में पेश करने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों का समयबद्ध निष्पादन आजमगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो सके और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
