आम तोड़ते समय 33 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आई युवती, मौके पर दर्दनाक मौत, कई बार शिकायत के बाद भी बिजली विभाग कान में तेल डाल कर पड़ा रहा

Uncategorized

आजमगढ़ के बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के डड़चा गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवती की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, डड़चा गांव निवासी रामकेश वर्मा की 24 वर्षीय पुत्री पूनम वर्मा गांव के उत्तर स्थित बगीचे में लगभग 15 फुट लंबी लग्घी (बांस) के सहारे आम तोड़ रही थी। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से लग्घी छू गई। तेज करंट की चपेट में आते ही पूनम गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि रामकेश वर्मा के परिवार में एक पुत्र और छह पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि पूनम सहित अन्य बेटियां अविवाहित हैं। पूनम परिवार की दूसरी संतान थी। उसने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। लोगों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे थे और पेड़ की टहनियां भी तारों के संपर्क में थीं। यदि समय रहते लाइन की ऊंचाई और पेड़ों की छंटाई कराई गई होती, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *