
आजमगढ़। पुलिस लाइन में संचालित ताइक्वांडो प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम सामने आने लगा है। सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ की कलर बेल्ट परीक्षा में सफल 54 खिलाड़ियों को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने कलर बेल्ट पहनाकर तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की पहल पर करीब दस माह पहले पुलिस लाइन में ताइक्वांडो प्रशिक्षण शुरू किया गया था। वर्तमान में यहां लगभग 100 बालक एवं बालिकाएं नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। समारोह को संबोधित करते हुए एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट हासिल कर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बच्चों की यह उपलब्धि पूरे आजमगढ़ पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है।
सम्मानित खिलाड़ियों में रेड-वन बेल्ट प्राप्त करने वाली सृष्टि पाठक, गौरवी गुप्ता, परिधि गुप्ता और श्रेया यादव सहित ग्रीन बेल्ट एवं येलो बेल्ट श्रेणी के कई खिलाड़ी शामिल रहे। बताया गया कि कुछ सप्ताह पूर्व आयोजित कलर बेल्ट परीक्षा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में संपन्न कराई गई थी।
पुलिस लाइन में खिलाड़ियों को ब्लैक बेल्ट (3rd डान) कोच सुनील कुमार शिंदे के निर्देशन में नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे बच्चों की तकनीकी दक्षता और आत्मरक्षा कौशल लगातार विकसित हो रहे हैं।
कार्यक्रम प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी, प्रशिक्षक, पुलिस परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सभी सफल खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि आजमगढ़ पुलिस भविष्य में भी पुलिस परिवार के बच्चों को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराती रहेगी, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
