लापरवाही और अनुशासनहीनता पर आजमगढ़ में दरोगा व मुख्य आरक्षी निलंबित, एसएसपी ने बैठाई विभागीय जांच

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान थाना जीयनपुर में तैनात उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य द्वारा एक विवेचना में उच्चाधिकारियों को अवगत कराए बिना गंभीर धाराओं में परिवर्तन किए जाने का मामला सामने आया। इसे विवेचना में घोर लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।
इसी क्रम में थाना सिधारी में तैनात मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार को ड्यूटी के दौरान स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता तथा पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध भी विभागीय जांच शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, आदेशों की अवहेलना या अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा विभागीय अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *