
आजमगढ़। मेडिकल में प्रवेश के लिए आयोजित NEET-2026 परीक्षा में असफल होने से निराश एक छात्रा ने शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन, कोईरी पोखरा निवासी संजय यादव की 18 वर्षीय पुत्री सृष्टि यादव मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसने इस वर्ष आयोजित NEET-2026 की परीक्षा दी थी। गुरुवार को घोषित परिणाम में वह सफल नहीं हो सकी, जिससे वह काफी निराश थी।
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर घर में परिजन अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान सृष्टि अपने कमरे में चली गई और फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यदि आप या आपका कोई परिचित परीक्षा के परिणाम या किसी अन्य कारण से गहरे तनाव या निराशा का सामना कर रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करना बहुत मददगार हो सकता है। समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।
