15 लाख की चोरी, पांच बक्से उठाकर ले गए चोरखेत में टूटे मिले बक्से, जेवरात और नकदी गायब; फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ओरा गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे पांच बक्से उठाकर ले गए, जिनमें लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान रखा था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ओरा गांव निवासी गनेश यादव पुत्र मनबोध यादव के घर में शुक्रवार रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच चोर घुस आए। चोर घर में रखे पांचों बक्से उठाकर अपने साथ ले गए। परिवार के सभी सदस्य उस समय घर में सो रहे थे।
परिवार की सदस्य इंदू यादव ने बताया कि शनिवार सुबह जब सभी लोग उठे तो घर से पांचों बक्से गायब थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने सूचना दी कि घर से कुछ दूरी पर खेत में बक्से पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि सभी बक्सों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखा जेवर, नकदी तथा अन्य कीमती सामान गायब था।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए जेवरात, नकदी और अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

reporter vijay kumar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *