साइकिल सवार को बचाने में पलटी बाइक, 9 दिन बाद घायल युवक ने तोड़ा दम

Uncategorized

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बघैला के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान शुक्रवार रात मौत हो गई। करीब नौ दिनों तक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार रौनापार निवासी अतुल कुमार (31) बीते 30 जुलाई की शाम बाइक से अपने एक मित्र के घर जा रहा था। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बघैला के पास अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में अतुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे पहले मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे शहर के जुनेदगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
अतुल दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *