दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल, दो की हालत गंभीर, बीती रात लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जांच कर कार्रवाई शुरू

Uncategorized

आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के कासिमगंज कस्बे में रविवार रात दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आजमगढ़ (पटवध) | बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के कासिमगंज कस्बे में रविवार रात करीब 8:30 बजे दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में कई लोग घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलरियागंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रथम पक्ष के इंतखाब आलम, शादाब आलम, जावेद, मोहम्मद कैफ तथा नूर आलम रविवार रात दुकान बंद कर एक साथ घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में दूसरे पक्ष के 8 से 10 लोग पहुंचे और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे प्रथम पक्ष के कई लोग घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के जियाउर रहमान सहित एक-दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद प्रथम पक्ष के घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने नूर आलम और शादाब की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। अन्य घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
घायल मोहम्मद कैफ का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। हालांकि घटना के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *