ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा

Uncategorized

आजमगढ़: मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित जहानागंज मोड़ के पास शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपनी बहन के घर से बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के सैय्यबड़ा गांव निवासी पवन कुमार (19) पुत्र विजय कुमार शुक्रवार को जहानागंज थाना क्षेत्र के कुंजी गांव स्थित अपनी बहन रंजना के घर गया था। शाम को घर लौटते समय सठियांव में जहानागंज मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पवन की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को हादसे की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि पवन तीन भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *