खेत में मिला लापता राजगीर का शव, काम पर निकला था लेकिन नहीं पहुंचा कार्यस्थल

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के परदेशी मोड़ के पास मंगलवार सुबह सड़क किनारे खेत में एक राजगीर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमदही गांव निवासी 40 वर्षीय अनिल राम के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन कार्यस्थल तक नहीं पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अनिल राम पेशे से राजगीर थे और इन दिनों तुलसीपुर गांव में निर्माण कार्य कर रहे थे। सोमवार सुबह वह रोज की तरह घर से निकले थे। रास्ते में गांव के शिवनाथ कन्नौजिया उन्हें बाइक से परदेशी मोड़ तक छोड़कर शहर की ओर चले गए। इसके बाद अनिल न तो कार्यस्थल पहुंचे और न ही देर शाम तक घर लौटे।
परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की। पिता जलधारी जब तुलसीपुर स्थित कार्यस्थल पहुंचे तो पता चला कि अनिल सोमवार को काम पर पहुंचे ही नहीं थे। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने परदेशी मोड़ के पास सड़क किनारे खेत में एक शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान अनिल राम के रूप में की।
अनिल राम अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *