पुलिसकर्मी के घर के दरवाजे से भैंस खोल ले गए चोर, वीडियो हुआ वायरल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुंआ गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक पुलिसकर्मी के घर के बाहर बंधी भैंस पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चोरों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के मुताबिक धनहुंआ गांव निवासी सत्यनारायण यादव के मकान के सामने भैंस बंधी हुई थी। देर रात अज्ञात चोर चुपके से पहुंचे और रस्सी खोलकर भैंस लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के सदस्य बाहर निकले तो भैंस गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार सत्यनारायण यादव के घर चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी उनके यहां चोरी हो चुकी है। लगातार हो रही वारदातों से गांव के लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
मौके पर पहुंची जहानागंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
इधर, ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में लोगों के बीच सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *