
आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के पिथौरपुर ( ऊसरी ) में अमृत सरोवर में 26 वर्षीय सनोज कुमार की डूबने से शनिवार को मौत हो गई। शव करीब 6 घन्टे बाद गोताखोरों की तलाश से बरामद हो सका। इससे पूर्व मछुआरों व फायर बिग्रेड के लोगो ने कांटा को अमृत सरोवर के चारो तरफ घुमाया। इसके अलावा कुछ ग्रामीण डुबकी लगाने वाले भी खोजे लेकिन शव नही मिल सका था। मौके पर उपस्थित थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के मालपर निवासी सूर्यमन राम पुत्र बलिकरन राम के घर गोद भराई की रस्म अदायगी में अपने फूफा के घर जनपद जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के सतमेसरा गांव का निवासी सनोज कुमार पुत्र खेदू राम शुक्रवार को आया था। शनिवार को पड़ोसी गांव के पिथौरपुर अमृत सरोवर में स्नान करने लगा। सरोवर में कुछ लोग पहले से भी स्नान कर रहे थे। सरोवर को पार करने के बाद सनोज डूबने लगा। स्नान कर रहे किसी ने बचाने का प्रयास किया लेकिन नही बचा सका। अन्य स्नान करने वाले अपनी बाइक से फरार हो गए। सरोवर के बाहर बाइक, कपड़े, मोबाइल पड़े थे। सनोज की 6 माह पूर्व शादी हुई थी। एसओ ने बताया कि गोताखोर के लिए महराजगंज सूचना दी गई। करीब साढ़े चार बजे गोताखोर घटना स्थल पर पहुँचे। गोताखोरों के सहयोग से शव बरामद किया गया। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।