
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में प्रस्तावित भीमबर पुलिस चौकी के निर्माण की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर पुलिस चौकी का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सगड़ी, संबंधित लेखपाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि नई पुलिस चौकी के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा लोगों को त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
प्रस्तावित भीमबर पुलिस चौकी करीब दो बिसवा भूमि पर बनाई जाएगी। भवन में पुलिस कार्यालय, चौकी प्रभारी का आवास, पुलिसकर्मियों के लिए बैरक, मेस, शौचालय, स्नानागार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। आधुनिक आधारभूत संरचना से सुसज्जित यह चौकी पुलिस की क्षेत्र में प्रभावी मौजूदगी बढ़ाने के साथ अपराध नियंत्रण और शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी अहम भूमिका निभाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने कहा कि आजमगढ़ पुलिस जनसहभागिता और आधुनिक पुलिसिंग के माध्यम से आमजन को बेहतर, सुलभ और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
