
आजमगढ़। श्रावण मास के दौरान लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मिठाई, खोया, पनीर, रिफाइंड तेल समेत 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सगड़ी, निजामाबाद, लालगंज, सदर और बूढ़नपुर तहसील के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान तेरही से छेना मिठाई, केशवपुर से खोया, छीहीं और अंजान शहीद से बर्फी, गंभीरपुर से बेसन लड्डू, फरिहां से छेना मिठाई, धीरा से पनीर, चेवार से रिफाइंड पाम ऑयल, सठियांव से पेड़ा तथा अतरैठ से खारी का नमूना संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रतिष्ठान पर प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की रेट सूची लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम उपभोक्ताओं से फीडबैक प्राप्त करने के लिए फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि श्रावण मास को देखते हुए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि खुले एवं अस्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थों का भंडारण या बिक्री न करें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, सुचित प्रसाद, शीत कुमार सिंह, लालमणि यादव, गोविंद यादव, वीरेंद्र यादव, राजीव कुमार सिंह और बेबी सोनम शामिल रहे।
