






आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दीदारगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹25 हजार के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़ा गया आरोपी वाहन चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं में सक्रिय था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को थाना दीदारगंज पर संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के संबंध में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गिरोह के सदस्य अपने आर्थिक व भौतिक लाभ के लिए वाहन चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त था और लोग इनके खिलाफ गवाही देने से भी कतराते थे।
इसी मामले में वांछित अभियुक्त जय कुमार गौतम पुत्र दलसिंगार निवासी ग्राम आमगांव थाना दीदारगंज पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त सुघरपुर तिराहे के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपनी पहचान जय कुमार गौतम के रूप में बताई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
