लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, आजमगढ़ के भरौली गांव में सनसनी, चार लोगों पर मारपीट का आरोप, पुलिस टीम गठित कर तलाश में जुटी

Uncategorized

आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव में गुरुवार की रात 26 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भरौली गांव निवासी रोशन, जो दिहाड़ी मजदूरी करता था, गुरुवार शाम अपनी मां प्रभावती से बाजार में लौंगलता खाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 9 बजे उसके चचेरे भाई को फोन पर सूचना मिली कि रोशन पियारिया धर्मशाला के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक रोशन स्वर्गीय राम निहोर का पुत्र था और तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चार लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप लगा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है।
वहीं थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *