सरेआम हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, कई मुकदमों का आरोपी असलहे से करता दिखा फायरिंग; पुलिस बोली— जल्द होगी गिरफ्तारी

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में अवैध असलहों की बरामदगी और हर्ष फायरिंग पर रोक लगाने के लिए आजमगढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। समय-समय पर अवैध हथियारों के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा रही है और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद जिले में पुलिस कार्रवाई का अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है। आए दिन हर्ष फायरिंग और अवैध असलहों के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
इसी क्रम में सिधारी थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम असलहे से लगातार फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक बिना किसी डर के हर्ष फायरिंग करता नजर आ रहा है, जिसे लेकर लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले युवक की पहचान अभिनव सिंह उर्फ मंटू, निवासी तिवारीपुर, थाना सिधारी के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में उसके द्वारा खुलेआम असलहे से फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों में कानून का भय कितना प्रभावी है, इस पर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की पुष्टि के बाद आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सिटी शुभम तोड़ी ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की पहचान हो चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हर्ष फायरिंग करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *