भंवरनाथ मंदिर पहुंचे DM-SSP, प्रथम श्रावण सोमवार पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, DM ने कहा दो पक्षों में विवाद, इसलिए CCTV की निगरानी और मजिस्ट्रेट पुलिस की मौजूदगी में खुलेगा चढ़ावा बॉक्स, समिति के खाते में जमा होगा

Uncategorized

आजमगढ़, 03 अगस्त 2026। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना कंधरापुर क्षेत्र स्थित भंवरनाथ मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सुगम दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, नियंत्रण कक्ष तथा ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मास में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी पर्याप्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में आयोजित शिव लीला की सांस्कृतिक प्रस्तुति का अवलोकन कर कलाकारों की सराहना की। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार गौतम को अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की 8-8 घंटे की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त निगरानी में जनपद के प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं लागू रहीं। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के चलते प्रथम श्रावण सोमवार का पर्व जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *