सर्पदंश से कमरे में सो रही 12 वर्षीय छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम, बेड पर साथ में सो रही छोटी बहन बाल बाल बची

Uncategorized

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मठिया जप्ती माफी गांव में सोमवार रात घर में सो रही 12 वर्षीय छात्रा की कथित सर्पदंश से मौत हो गई। मंगलवार तड़के हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मठिया जप्ती माफी निवासी चंदन कुमार की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी सोमवार रात अपनी मां सुनीता और छोटी बहन श्रेयांशी के साथ घर में बेड पर सो रही थी। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह अचानक बेड से नीचे गिर गई। उसकी हालत बिगड़ती देख परिजनों ने पड़ोसियों को बुलाया। मौके पर पहुंचे लोगों ने छात्रा के दाहिने पैर में सर्पदंश जैसे निशान देखे, जिसके बाद उसे तत्काल अंबेडकरनगर जनपद के बसखारी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी बबलू कनौजिया के अनुसार, चिकित्सकों ने सर्पदंश को मौत का कारण बताया।
मृतक छात्रा राजनंदनी पूर्व माध्यमिक विद्यालय उपटापार बांसगांव में कक्षा छह की छात्रा थी। उसके पिता चंदन कुमार जयपुर में प्लास्टर ऑफ पेरिस का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मासूम बेटी की असमय मौत से मां सुनीता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *