
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक द्वारा जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकता के दृष्टिगत पुलिस विभाग में तैनात 10 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अमित शर्मा को पुलिस लाइन से प्रभारी एएचटीयू, उपनिरीक्षक राजेश कुमार मिश्र को पुलिस लाइन से थाना फूलपुर, निरीक्षक चन्द्रभूषण पाण्डेय को प्रभारी चुनाव सेल से डीसीआरबी/सीसीटीएनएस/चुनाव सेल तथा उपनिरीक्षक रूपेश सिंह को प्रभारी सीसीटीएनएस/डीसीआरबी से पीआरओ-एसपी कार्यालय भेजा गया है।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह को पुलिस लाइन से थाना मेहनगर, उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह को पुलिस लाइन से वरीय उपनिरीक्षक थाना गंभीरपुर, उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव को पुलिस लाइन से थाना जहानागंज तथा उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह को पुलिस लाइन से थाना निजामाबाद में तैनात किया गया है।
एक अन्य आदेश में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को पीआरओ-एसपी कार्यालय से थाना कप्तानगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि निरीक्षक अनुराग कुमार को प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज से क्राइम ब्रांच में स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
