आजमगढ़ में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई: 4 शातिर अपराधी 4 महीने के लिए जिला बदर

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने चार अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना सिधारी, मुबारकपुर, कप्तानगंज और पवई पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (भू-राजस्व) ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत चार अपराधियों को चार माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है।
जिला बदर किए गए अपराधियों में सिधारी थाना क्षेत्र के विशाल यादव, मुबारकपुर के राजन सिंह, कप्तानगंज के प्रिंस गुप्ता तथा पवई थाना क्षेत्र के जान मोहम्मद उर्फ जानू उर्फ जैनू शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इनमें से कोई भी आरोपी जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट, अपहरण, हत्या, शस्त्र अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इन्हीं आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उनके विरुद्ध गुण्डा एक्ट की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *