अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। अंबेडकर नगर जिले के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुर्जुग गांव निवासी 57 वर्षीय मजदूर की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह सुबह सड़क पार कर शौच के लिए जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शिवनाथ शर्मा (57) पुत्र बनकटा बुर्जुग गांव निवासी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे। सड़क पार करते समय पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल 100 शैय्या अस्पताल अतरौलिया ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *