खेत से लौटने के बाद युवक की संदिग्ध मौत, जहरीले जंतु के काटने की आशंका

Uncategorized

अतरौलिया (आशीष कुमार निषाद)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी 42 वर्षीय फूलचंद पुत्र बेचन राम की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत से घर लौटने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी और घबराहट की शिकायत के बाद परिजन उन्हें अतरौलिया स्थित 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आशंका जताई है कि खेत में काम करने के दौरान किसी जहरीले जंतु ने फूलचंद को काट लिया होगा। जानकारी के अनुसार फूलचंद बुधवार सुबह करीब आठ बजे खेत गए थे। कुछ देर बाद घर लौटने पर उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
फूलचंद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के दो पुत्र अर्पित व अर्जित और दो पुत्रियां निशा व नीलू हैं। पत्नी सूर्यकीर्ति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक फूलचंद की मजदूरी से ही परिवार का खर्च चलता था। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *