छात्र संघ चुनाव बहाल कराने समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

Uncategorized


आजमगढ़। प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाल कराने, मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने और आजमगढ़ की जौहर यूनिवर्सिटी पर की जा रही कथित गैरकानूनी कार्रवाई बंद कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्र नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है।
20 अगस्त 2026 को दिए गए ज्ञापन में छात्र नेताओं ने कहा कि छात्र संघ लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए विद्यार्थी अपनी समस्याओं और हितों से जुड़े मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखते हैं। छात्र संघ चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में फीस लगातार बढ़ाई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा जौहर यूनिवर्सिटी के विरुद्ध बिना वैधानिक आधार के की जा रही कार्रवाई को शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की गई।
छात्र नेताओं ने MSDU (महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय) से संबद्ध महाविद्यालयों में कॉलेज प्रशासन की मनमानी पर भी रोक लगाने तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से सात मांगें रखी गईं—
प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल कराए जाएं।
विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मनमानी फीस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाई जाए।
पूर्व में बढ़ाई गई फीस की समीक्षा कर उचित राहत प्रदान की जाए।
जौहर यूनिवर्सिटी पर बिना किसी वैधानिक आधार के की जा रही गैरकानूनी कार्रवाई तत्काल बंद की जाए।
MSDU विश्वविद्यालय में कॉलेज प्रशासन की मनमानी बंद कर विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की जाए।
विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालयों में लोकतांत्रिक छात्र प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
फीस, छात्रवृत्ति, शिक्षा एवं अन्य समस्याओं की समयबद्ध सुनवाई और समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
छात्र नेताओं ने राज्यपाल से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। ज्ञापन पर कई छात्र नेताओं के हस्ताक्षर दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *