
आजमगढ़। थाना कोतवाली परिसर में शुक्रवार को अग्निशमन सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की गई। महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा के आदेश और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस मॉकड्रिल में अग्निशमन विभाग की टीम ने पुलिसकर्मियों को आग लगने और अन्य आपात परिस्थितियों में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने का प्रशिक्षण दिया।
मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम के नीरज कुमार दूबे और प्रकाश शाह ने थाना परिसर में स्थापित अग्निशमन उपकरणों का व्यावहारिक संचालन कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सही एवं सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। इस दौरान आग लगने की स्थिति में किस प्रकार तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया जाए और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए, इसके बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
अग्निशमन टीम ने पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए आवश्यक जानकारी दी। मॉकड्रिल का उद्देश्य थाना परिसर में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों के लिए तैयार रखना रहा।
मॉकड्रिल के दौरान थाना कोतवाली के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा डायल-112 के कर्मचारी मौजूद रहे।
