यूट्यूब देख रही महिला के खाते से धन कटने का आया मैसेज, महिला के 19,999 रुपये पुलिस ने कराये वापस, तुरंत शिकायत करने की लोगों को सलाह

Uncategorized

आजमगढ़। साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की सक्रियता का एक और उदाहरण सामने आया है। थाना कोतवाली स्थित साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से साइबर फ्रॉड की शिकार महिला के खाते से निकाली गई 19,999 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली हिना शर्मा पत्नी विपुल शर्मा शुक्रवार को मोबाइल पर यूट्यूब चला रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 19,999 रुपये निकलने का मैसेज आया। खाते से रकम निकलने की जानकारी होते ही पीड़िता तत्काल थाना कोतवाली स्थित साइबर हेल्प डेस्क पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सागर कुमार रंगू और साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों में ठगी की रकम को होल्ड कराया। इसके बाद प्रभावी कार्रवाई के जरिए 19,999 रुपये की पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर पीड़िता ने साइबर हेल्प डेस्क और आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान फोन कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। पीड़ित व्यक्ति अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से भी तत्काल संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *